सूरज से बिजली, कूलर से राहत: देहरादून में जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा सुरक्षित और सुविधाजनक ठिकाना

देहरादून: जिन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है या जो आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण सामान्य पारिवारिक माहौल से दूर हैं, उनके लिए कौलागढ़ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास उम्मीद की नई किरण बन रहा है। यहां बच्चों को सुरक्षित आवास के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विकसित किए जा रहे इस छात्रावास में करीब 100 बच्चों के रहने की क्षमता है। यहां छह से 18 वर्ष तक की उम्र के बच्चों को आवासीय सुविधा देने की योजना है। बच्चों को रहने और भोजन की सुविधा के साथ-साथ शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
छात्रावास की छत पर लगा 10 केवीए का सोलर प्लांट
बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से छात्रावास की छत पर 10 केवीए क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर दिया गया है। इससे छात्रावास में बिजली की जरूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी और सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा सकेगा।
गर्मी से राहत के लिए कमरों में लगेंगे कूलर
गर्मियों में बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए छात्रावास के कमरों में कूलर लगाने की भी व्यवस्था की गई है। करीब 10 कूलर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्हें जल्द ही कमरों में स्थापित किया जाएगा। इससे बच्चों को गर्मी के मौसम में रहने के लिए अधिक आरामदायक वातावरण मिल सकेगा।
इन बच्चों को मिलेगा छात्रावास में संरक्षण
छात्रावास का उद्देश्य ऐसे बच्चों को सुरक्षित आवास और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत है। इसमें मुख्य रूप से—
- अनाथ बच्चे
- बेहद कम आय वाले परिवारों के बच्चे
- अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चे
- दिव्यांग बच्चे
- कूड़ा बीनने वाले बच्चे
- भिक्षावृत्ति में लगे बच्चे
- शहरी वंचित वर्ग के बच्चे
को सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ऐसे बच्चों को भी संरक्षण और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की योजना है, जिन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता है।
सिर्फ रहने की जगह नहीं, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
छात्रावास में बच्चों को केवल रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है। उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़ने, बेहतर वातावरण देने और भविष्य में आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके लिए आवासीय व्यवस्था के साथ शैक्षणिक और सामूहिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
सामूहिक गतिविधियों के लिए बनेगा अलग हाल
बच्चों की पढ़ाई और अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए छात्रावास परिसर में एक अलग हाल बनाने की भी तैयारी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्माण के बाद इस हाल में शैक्षणिक कार्यक्रम, बैठकें, सामूहिक गतिविधियां और अन्य आयोजन किए जा सकेंगे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दे रहा है। छात्रावास में सोलर प्लांट लगाने और कूलर उपलब्ध कराने का उद्देश्य यहां रहने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं देना और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
