देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय निलंबित, होम-स्टे योजना में अनियमितता के आरोप

पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत अनुदान राशि जारी करने में कथित अनियमितता सामने आने पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने की कार्रवाई। जांच पूरी होने तक अधिकारी रहेंगे निलंबित।उत्तराखंड में पर्यटन विभाग से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक मामला सामने आया है। देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय को पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत लाभार्थियों को अनुदान राशि जारी करने में कथित अनियमितता बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज गर्ब्याल द्वारा निलंबन आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार प्रथम दृष्टया योजना के संचालन और अनुदान वितरण प्रक्रिया में नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि होम-स्टे योजना का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। इसी योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के आधार पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। लेकिन अनुदान राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।
पर्यटन विभाग के अनुसार मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक और विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
