महाराष्ट्र का सियासी संकट:उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, नई सरकार की राह खुली

Shiv sena

महाराष्ट्र का राजनीतिक संकट अब आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार रात शिवसेना की दलीलों को खारिज करते हुए गुरुवार को ही फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दे दिया। इसके कुछ देर बाद ही सीएम उद्धव ठाकरे ने फेसबुक लाइव करते हुए इस्तीफे का ऐलान कर दिया।

रात करीब सवा 11 बजे उद्धव ठाकरे इस्तीफा देने खुद ही ड्राइव कर राजभवन के लिए निकले। उनके साथ कार में दोनों बेटे आदित्य और तेजस ठाकरे भी थे। उद्धव जब राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने पहुंचे तो राज्यपाल ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था बनने तक अपने पद पर बने रहने को कहा। राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद उद्धव ठाकरे ने अपने बेटे आदित्य के साथ एक मंदिर में पूजा की। इसके बाद वे अपने आवास मातोश्री पहुंचे।

इधर, बागी विधायक भी देर शाम गोवा पहुंच गए। इसके बाद बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात की।

उद्धव ने शिंदे गुट के गिले-शिकवों पर अपनी बात रखी और कहा कि आपको अपनी बात ठीक तरह से रखनी चाहिए थी। उद्धव ने कहा कि जिनसे धोखे की आशंका थी वे साथ रहे। उन्होंने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) चीफ शरद पवार को धन्यवाद कहा।

भाजपा खेमे में जश्न का माहौल
इधर, उद्धव के इस्तीफे के ऐलान के बाद भाजपा विधायकों में जश्न का माहौल है। ताज होटल में भाजपा विधायकों की बैठक में ‘वंदे मातरम’ के नारे लगे और कई विधायकों ने देवेंद्र फडणवीस को मिठाई खिलाकर महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने का जश्न मनाया।

बैठक खत्म होने के बाद फडणवीस होटल से निकल गए। उन्होंने कहा कि वे हर मुद्दे पर गुरुवार को बात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक एकनाथ शिंदे से उनकी फोन पर बातचीत हुई है। सरकार बनाने को लेकर दोनों नेताओं के बीच जल्द मुलाकात हो सकती है।

भाजपा ने दिया शिंदे गुट को डिप्टी सीएम और मंत्री पदों का ऑफर
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट और भाजपा के बीच सरकार बनाने पर मंथन भी चल रहा है। भाजपा ने शिंदे गुट को 8 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्रियों का ऑफर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी CM के लिए एकनाथ शिंदे का नाम रखा गया है। गुलाबराव पाटिल, संभुराज देशाई, संजय शिरसाट, दीपक केसरकर, उदय सामंत को मंत्री बनाया जा सकता है।

बागी विधायक गोवा पहुंचे
बागी विधायकों का कुनबा बुधवार देर रात गोवा पहुंच गया। वे शाम को ही गुवाहाटी से चार्टर्ड प्लेन से गोवा निकले थे। वे रेडिसन ब्लू होटल से चार चार्टर्ड बसों से एयरपोर्ट निकले थे और रास्ते में उन्होंने विक्ट्री साइन भी दिखाया। एकनाथ शिंदे सुबह सभी विधायकों के साथ कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि इन विधायकों को गुरुवार को फ्लोर टेस्ट में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचना था, लेकिन अब उनका कार्यक्रम कैंसल हो गया है। इधर, बागी विधायकों के मुंबई पहुंचने पर उनकी सुरक्षा के लिए CRPF के करीब 2 हजार जवानों को स्पेशल फ्लाइट से मुंबई भेजा गया है।

फ्लोर टेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा था?
सुप्रीम कोर्ट में बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई के दौरान शिवसेना के वकील देवदत कामत ने फ्लोर टेस्ट का जिक्र किया था, जिस पर कोर्ट ने कहा इस पर हम कुछ नहीं कह रहे हैं। अगर, ऐसा कुछ हुआ तो आप कोर्ट आ सकते हैं। शिंदे ने 16 विधायकों को सदस्यता रद्द की नोटिस और डिप्टी स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे को लेकर याचिका दाखिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471