
हरियाणा में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। गुरुग्राम में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर थाना इलाके में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रात करीब एक बजे इनोवा गाड़ी पर तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यहां गाड़ी में फंसे लोग जान बचाने के लिए चिल्ला रहे थे।
पुलिस ने आनन-फानन कार में फंसे लोगों को निकाला, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो गई थी। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक नोएडा के मल्टीनैशनल कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। 15 अगस्त की छुट्टी पर घूमने के लिए राजस्थान के उदयपुर गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने चारों के शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।