
पाकिस्तान को इस समय भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तान ने बाढ़ से बिगड़ते हालात के बीच दुनिया भर की सरकारों से मदद की गुहार लगाई है। द न्यूज इंटरनेशनल के अनुसार, पाकिस्तान में 57 लाख (5.7 मिलियन) से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि इस आपदा ने लगभग 719,558 पशुओं की जान ले ली है। पाकिस्तान की सरकार ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर बाढ़ के विनाशकारी प्रभाव से निपटने के लिए दान की अपील की है।
बाढ़ ने पाकिस्तान में बुनियादी ढांचे को किया प्रभावित
दरअसल, बाढ़ ने पाकिस्तान में कृषि भूमि और बुनियादी ढांचे को भी प्रभावित किया है, जिससे प्रांतों में 949,858 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,000 को पार कर गई है और जून से अब तक हजारों लोग घायल या विस्थापित हुए हैं।
घर हुए तबाह, हजारों जानवरों की गई जान
पाकिस्तान में 14 जून के बाद के जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में 3,451.5 किमी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और 149 पुल ढह गए हैं, जबकि 170 दुकानें नष्ट हो गई हैं। इसके अलावा कुल 949,858 घर आंशिक रूप से या पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इनमें से 662,446 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और 287,412 पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। जबकि 719,558 पशुओं की भी मौत हो चुकी है।