
भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री होंगे। सोमवार को कंजर्वेटिव पार्टी के संसदीय दल ने सुनक को नेता चुना। किंग चार्ल्स-IIIआज यानी मंगलवार को सुनक को PM का अपॉइंटमेंट लेटर सौंपेंगे।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले भारतीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे लिज ट्रस ने कैबिनेट की बैठक की। अब वो दोपहर 2:45 बजे PM हाउस से देश को प्रधानमंत्री के तौर पर आखिरी बार संबोधित करेंगी। इसके बाद बकिंघम पैलेस जाकर किंग चार्ल्स-III को इस्तीफा सौंपेंगी। इसके कुछ देर बाद किंग चार्ल्स-III सुनक को PM का अपॉइंटमेंट लेटर देंगे। सुनक आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री बनने के बाद शाम 4 बजे PM हाउस से देश को संबोधित करेंगे।
ब्रिटेन के पहले हिंदू PM हैं सुनक
ऋषि सुनक के ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने के साथ ही सोशल मीडिया पर बॉलीवुड मूवी अमर अकबर एंथोनी का हैश टैग भी ट्रेंड करने लगा है। दरअसल, सुनक हिंदू हैं, ब्रिटेन के मेयर सादिक खान मुस्लिम हैं और देश के राजा चार्ल्स-III क्रिश्चियन धर्म को मानते हैं। ऐसे में लोग तीनों को बॉलीवुड मूवी के किरदारों से रिलेट कर रहे हैं।
ब्रिटेन की आर्थिक स्थिति सुधारना सबसे बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद सुनक के सामने कई चुनौतियां होंगी। सबसे मुश्किल चुनौती ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को सुधारना होगा। ‘द गार्डियन’ के मुताबिक मीटिंग में सुनक ने पार्टी सांसदों के साथ हुई प्राईवेट मीटिंग के बाद कहा- हमारे सामने वो सब समस्याएं हैं जो पहले से थीं और अब आर्थिक संकट भी है। हम साथ मिलकर इस संकट से बाहर निकलेंगे। हमें हर मोर्चे पर एकजुट रहना होगा। मैं कंजर्वेटिव पार्टी से प्यार करता हूं, उसकी सेवा करूंगा। देश को कुछ वापस दे पाना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। मैं वादा करता हूं कि मैं पूरी ईमानदारी से काम करूंगा।
नारायण मूर्ति के दामाद हैं ऋषि सुनक
ऋषि भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति के दामाद हैं। उनके प्रधानमंत्री बनने पर मूर्ति ने कहा- ऋषि को बधाई। हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं। हमें विश्वास है कि वो ब्रिटेन के लोगों के लिए ईमानदारी से काम करेंगे।