गुजरात में BJP की सबसे बड़ी जीत, 86% सीटें जीतीं : 33 से 22 जिलों में कांग्रेस का खाता नहीं खुला

गुजरात में गुरुवार को भाजपा ने इतिहास रच दिया। ब्रांड मोदी के असर से भाजपा ने 182 में से 156 सीटें (86%) जीत लीं। यह राज्य के 62 साल के इतिहास में किसी पार्टी की सबसे बड़ी जीत है। खास बात यह कि एंटी इन्कंबेंसी नहीं रहीं। क्योंकि, भाजपा ने पिछले चुनाव में जीती 92 सीटें इस बार भी जीत लीं। पिछले चुनाव में 77 सीटें जीती कांग्रेस 17 सीटों पर सिमट गई। 33 से 22 जिलों में खाता भी नहीं खोल पाई। 10% सीटें न होने के कारण कांग्रेस विपक्ष के नेता का पद भी खो सकती है। वहीं, आप सिर्फ 5 सीटें जीतकर राष्ट्रीय पार्टी बन गई।

भाजपा ने कांग्रेस और आप को गांवों तक समेटा

गुजरात में मोदी एक जादू है। आकर्षण है। सही है। सब जानते हैं। अगर प्रचंड जीत का यही एक कारण है तो मोदी का यही जादू 2017 में भी था। फिर पिछली बार भाजपा 99 पर क्यों अटक गई थी? गुजरात गठन के बाद से अब तक के तमाम चुनाव देखें तो किसी एक पार्टी को इतनी सीटें कभी नहीं मिलीं, जितनी इस बार भाजपा को मिली हैं। 1985 में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने यहां सबसे ज्यादा 149 सीटें जीती थीं। लेकिन इसमें श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या से उपजी सहानुभूति लहर भी शामिल थी। इस बार भाजपा को ऐतिहासिक जनमत मिला है, तो मोदी के जादू के अलावा भी तीन बड़े कारण हैं।

पहला: आप को बढ़ा-चढ़ा कर पेश करना।
दूसरा: भाजपा का स्ट्रांग पन्ना प्रमुख नेटवर्क।
तीसरा: सात से आठ प्रतिशत कम मतदान।

इन तीनों कारणों को ऐसे समझिए। चुनाव घोषित होने के बहुत पहले से भाजपा और स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने आप पार्टी को बहु प्रचारित किया। इससे आप की गुजरात में निगेटिव पब्लिसिटी हुई। यह मोदी की रणनीति थी। आप को इतना बढ़ा-चढ़ाकर पेश करो कि उसकी निगेटिव पब्लिसिटी हो और कांग्रेस नेपथ्य में चली जाए।

भाजपा जानती थी कि शहरों में उसे कोई हरा नहीं सकता। इसलिए आप को ग्रामीण इलाकों में सीमित कर दिया गया। सारा नुकसान कांग्रेस के खाते में चला गया। दो लोगों की लड़ाई में तीसरे का पेट भरा। यानी आप और कांग्रेस की गांवों में लड़ाई हुई, जहां भाजपा अक्सर हारती रही थी, वहां भाजपा ने फायदा कमा लिया। जैसे खम्भालिया सीट से कांग्रेस जीतती आ रही थी। वहां आप के गढवी उतरे तो इस बार भाजपा जीत गई। ऐसी कई सीटें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464