
चीन में 8 जनवरी को जीरो कोविड पॉलिसी खत्म होने के बाद से देश से आने-जाने वाले लोगों की संख्या 5 लाख पार कर चुकी है। जो कोविड पॉलिसी लागू होने के पहले वाले समय से 48% ज्यादा है। चीन के नेशनल इमिग्रेशन एडमिनिस्ट्रेशन ने इसकी जानकारी दी है।
इधर, भारत में मंगलवार को जारी किए गए हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के कुल 89 नए मामले सामने आए हैं। जो 2020 के बाद पिछले 2 सालों में सबसे कम हैं। इसके बाद देश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 2035 हो गई है। दिल्ली समेत 16 राज्यों में मंगलवार को कोरोना का एक भी नया मामला दर्ज नहीं किया गया।
कोरोना worldometer के मुताबिक, दुनिया में अब तक 67 करोड़ 17 लाख 51 हजार 193 मामले सामने आ चुके हैं। 11 जनवरी 2020 को चीन के वुहान में 61 साल के बुजुर्ग की मौत हुई थी। ये दुनिया में कोरोना से होने वाली पहली मौत थी। इसके बाद मौत का सिलसिला बढ़ने लगा। अब तक 67 लाख 32 हजार 532 मौतें हो चुकी हैं।
इन देशों ने चीन के यात्रियों पर लगाया प्रतिबंध
चीन से आने वाले यात्रियों पर स्वीडन, जर्मनी, मलेशिया, कतर, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मोरक्को, फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, अमेरिका, जापान, इजराइल, भारत, इटली और साउथ कोरिया ने प्रतिबंध लगाए हैं। यहां चीन से आने वाले यात्रियों को नेगेटिव कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी। मोरक्को ने तो चीन के यात्रियों को बैन ही कर दिया है। ताइवान ने भी चीन से आने वालों के लिए कोविड टेस्टिंग कंपलसरी की है। पाकिस्तान और फिलीपींस भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थाईलैंड और न्यूजीलैंड ने कोई भी प्रतिबंध लगाने से मना कर दिया है.