Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
Delhi : हर घर में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश, दिसंबर तक चंद्रावल संयंत्र तैयार करने के आदेश - The Indian Exposure

Delhi : हर घर में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश, दिसंबर तक चंद्रावल संयंत्र तैयार करने के आदेश

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हर घर को साफ और भरपूर पानी उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को कैंप कार्यालय पर जल मंत्री सौरभ भारद्वाज, वन मंत्री गोपाल राय, मुख्य सचिव और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पानी की उपलब्धता बढ़ाने व पानी का संपूर्ण इस्तेमाल करने पर विशेष बल दिया। साथ ही, इस दिशा में चल रहे दिल्ली जल बोर्ड के कामों को निर्धारित समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के पास मौजूद पानी के संपूर्ण इस्तेमाल और उसकी बर्बादी रोकने के लिए समयबद्ध काम किया जाए। सभी ट्यूबवेल चालू हों, नए ट्यूबवेल लगाने का कार्य तेजी से किया जाए और खराब ट्यूबवेल 24 घंटे के अंदर ठीक किए जाएं। पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नए एसटीपी का काम जल्द पूरा किया जाए। वहीं, उन्होंने हरियाणा से आने वाले पानी में उपलब्ध अमोनिया को साफ करने का एक सप्ताह में प्लान मांगा है। 

इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव को जमीन संबंधित समस्या के निपटारे के लिए डीडीए के साथ सामंजस्य स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन मिलने के छह महीने के अंदर ट्यूबवेल लगा दिए जाएं और जितने भी ट्यूबवेल लग गए हैं, वहां यूजीआर पर पानी की बर्बादी रोकने के लिए वाटर फ्लो मीटर लगाने का काम जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ट्यूबवेल चालू हालत में होने चाहिए और उससे जितना पानी मिल रहा है, उसकी आपूर्ति की जाए। कोई खराब ट्यूबवेल चार दिनों तक ठीक नहीं होने की स्थिति में संबंधित इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 

वजीराबाद में बनेगा अमोनिया रिमूवल प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद में अमोनिया रिमूवल प्लांट लगाया जाएगा। इसका एक सप्ताह के अंदर पूरा प्लान बनाकर प्रस्तुत किया जाए। यहां से वीआईपी एरिया में पानी की आपूर्ति की जाती है। इसे प्राथमिकता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा से आने वाले पानी में अगर अमोनिया है तो उसे साफ किया जाए। अमोनिया की वजह से पानी की आपूर्ति रुकनी नहीं चाहिए।

वहीं, उन्होंने कोंडली एसटीपी को अपग्रेड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोंडली एसटीपी से संजय लेक और पार्कों में भी पानी दिया जाए। अगले तीन महीने में जब रिठाला एसटीपी भी तैयार हो जाएगा, तब वहां से भी इरादतनगर और डीडीए की डेड लेक तक पानी लेकर जा सकते हैं। इसके अलावा भलस्वा समेत अन्य लेक में भी पानी पहुंचाया जाए और वाटर बॉडी को रिचार्ज किया जाए।

दिसंबर तक चंद्रावल संयंत्र तैयार करने के आदेश
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को चंद्रावल में निर्माणाधीन 105 एमजीडी जल शोधक संयंत्र का दौरा किया। इस दौरान प्रगति निर्धारित समय सीमा के अनुसार नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को दिसंबर तक पूरा करने के लिए एजेंसी से 24  घंटे में विस्तृत योजना सौंपने के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481