
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल से मंगलवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों ने पूछताछ की। डिब्रूगढ़ जेल के सूत्र के मुताबिक, आईबी के अधिकारी मंगलवार सुबह अमृतपाल की सेल में पहुंचे। इस दौरान उससे विदेशी फंडिंग और खालिस्तान समर्थकों से संबंधों के बारे में पूछताछ की गई। देर शाम तक अधिकारी विशेष सेल में ही मौजूद थे। फिलहाल असम पुलिस इस बारे में चुप्पी साधे हुए है।
अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल की एक अलग सेल में रखा गया है। जेल में ही उसके सबसे करीबी पपलप्रीत और चाचा हरजीत सिंह समेत नौ साथी बंद हैं, लेकिन मुलाकात की इजाजत नहीं है।
असम पुलिस के महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार भुइयां ने बताया कि आईबी और रॉ समेत सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों के अधिकारी राज्य में तैनात हैं, इसलिए, यह आवश्यक नहीं है कि किसी कैदी से पूछताछ करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी से किसी को आना पड़े। हालांकि, उन्होंने अमृतपाल से पूछताछ पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया .