Russia Ukraine War : यूक्रेन की रूसी क्षेत्र में गोलाबारी से चार मरे,यूक्रेनी सेना का फिर कब्जा

रूस पर यूक्रेन का पलटवार शुरू हो गया है। क्रीमिया में बड़े तेल गोदाम पर हमले के बाद रविवार को यूक्रेनी सेना ने रूस के ब्रियांस्क इलाके में गोलाबारी की। इस गोलाबारी में चार रूसी नागरिकों की मौत हो गई है। 14 महीने से जारी युद्ध में संभवत: यह पहला मौका है जब रूस की सीमा के भीतर हुए यूक्रेन के हमले में रूसी नागरिकों की मौत हुई है। हमले का निशाना बने रूसी क्षेत्र के गवर्नर एलेक्जेंडर बोगोमाज ने चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है जबकि दो घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

बाखमुट में मौजूद यूक्रेनी सैनिक घिर गए थे

यूक्रेनी हमले में एक भवन पूरी तरह से नष्ट हो गया है जबकि दो मकानों के हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिस रूसी क्षेत्र में हमला हुआ है वह सीमा से दस किलोमीटर भीतर का गांव है। इस बीच यूक्रेनी सेना ने बाखमुट में आपूर्ति मार्ग पर फिर से नियंत्रण का दावा किया है। रसद आपूर्ति मार्ग पर रूसी सेना का कब्जा हो जाने से बाखमुट में मौजूद यूक्रेनी सैनिक घिर गए थे लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी थी।

इसके चलते बाखमुट पर कब्जे के लिए नौ महीने से जारी युद्ध में रूसी सेना पूरी तरह से सफल नहीं हो पाई है। वैसे रूसी सेना ने बाखमुट के ज्यादातर हिस्से पर कब्जा कर लेने का दावा किया है। युद्ध से पहले रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाखमुट शहर की आबादी 70 हजार की थी लेकिन अब वहां पर बमुश्किल दो हजार लोग बचे हैं। वहां से बड़ी संख्या में लोग भागकर अन्यत्र चले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471