Nainital : रोडवेज बस पलटी, यात्रियों में मची चीखपुकार

रामनगर कोसी नदी पर बने पुल पर छोटा हाथी को बचाने के चक्कर में रोडवेज बस पलट कर पुल के नीचे गिर गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। परिचालक और छह यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। सरकारी अस्पताल में इलाज के बाद सभी अपने गंतव्य को चले गए। हादसे के बाद बस को क्रेन की मदद से निकाला गया।

शुक्रवार दोपहर रामनगर डिपो की बस संख्या यूके-07पीए-2487 हल्द्वानी से रामनगर आ रही थी। बस में 16 यात्री सवार थे। सभी रामनगर आ रहे थे। बाल सुंदरी मंदिर की ओर से जैसे ही बस कोसी नदी पर बने नए पुल पर चढ़ी तभी सामने से तेजी गति से टाटा 407 (छोटा हाथी) आ रहा था। छोटा हाथी गलत साइड चल रहा था, उसे बचाने की कोशिश में छोटा हाथी में टक्कर लग गई और बस पुल से नीचे गिर गई। हादसे में छोटा हाथी भी सड़क पर पलट गया और उसका चालक मौके से भाग गया। हादसा होते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। इलाज के लिए सभी सरकारी मदद का इंतजार कर रहे थे। सूचना पर सीओ बलजीत सिंह भाकुनी, कोतवाल अरुण कुमार सैनी, एसएसआई अनीस अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में मौजूद यात्रियों को बाहर निकालने के साथ ही घायल छह यात्रियों और चालक-परिचालक को इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। रोडवेज बस में चालक, परिचालक और 16 यात्री सवार थे। हादसे में बस चालक गुलबदन सिंह (42) पुत्र सरजीत सिंह निवासी गांव कल्लूवाला कालागढ़ थाना रेहड़ जिला बिजनौर की मौत हो गई।

ये हुए मामूली घायल
हादसे में परिचालक करमपाल सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव कल्लूवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर सहित यात्री भगवन कौर पत्नी कश्मीर सिंह निवासी कालागढ़, मुस्कान पुत्री भगत सिंह निवासी भरतपुरी, प्रिया पुत्री जीवन सिंह निवासी भरतपुरी, काजल पुत्री मोहन चंद्र, कौशल्या पत्नी सुरेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट निवासी काशीपुर घायल हो गए। घायल यात्रियों को इलाज के बाद सरकारी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, नायाब तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा ने भी अस्पताल पहुंचकर यात्रियों की कुशलक्षेम जानीं।

यात्रियों को बचाया पर खुद की जान गंवाई
कोसी नदी के नए पुल पर हुए हादसे में अगर रोडवेज बस की स्पीड तेज होती तो जानमाल का काफी नुकसान होता। रोडवेज चालक की सूझबूझ की वजह से बस में सवार सभी यात्री सकुशल बच गए जबकि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। बस से रामनगर आ रहे यात्री सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें काशीपुर जाना था। हल्द्वानी से ही चालक बेहद सतर्कता के साथ बस चला रहा था। बस चालक ने पूरे रास्ते में कभी ओवरस्पीड में बस नहीं चलाई। हादसे से पहले चालक अपनी साइड में चल रहा था और बस की गति धीमी थी। सामने की ओर से एक छोटा हाथी बहुत तेज गति से आ रहा था। तेज गति के चलते वह बस की ओर आने लगा। यह देख चालक ने बस साइड में दबाई लेकिन बस उससे टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। गति धीमी होने के चलते बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका मिल गया। यात्री भगवन कौर ने बताया कि चालक समझदारी से बस चला रहा था। छोटा हाथी की तेज स्पीड के चलते बस चालक को बचने को मौका नहीं मिला। रामनगर डिपो के एआरएम आनंद प्रकाश व फोरमैन मो. यामीन ने बताया कि गुलबदन सिंह रोडवेज में संविदा चालक था। उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *