
रोशन ग्राउंड होशियारपुर में आज होने वाली भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा की रैली को सफल बनाने के लिए भाजपाइयों ने कमर कस ली है। रैली के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पुलिस प्रशासन की सुरक्षा को लेकर तैयारी भी जोरों पर है। सुरक्षा के मद्देनजर अभी से ही रोशन ग्राउंड को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस कर्मचारियों ने रोशन ग्राउंड और उसके आसपास तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है। सुरक्षा के लिहाज से सैंकड़ों पुलिसकर्मी रैली की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था इतनी टाइट की जा रही है कि वहां पर परिदा भी पर नहीं मार सकता है। रोशन ग्राउंड और उसके आसपास पुलिस ही पुलिस नजर आने लगी है। गजटेड पुलिस अधिकारियों की टीमें गठित करके किसे किस प्वाइंट पर सुरक्षा संभालनी है, उसके लिए ब्रीफ किया जा रहा है।
भाजपा के पूर्व सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के होशियारपुर आगमन के उपल्क्षय में भव्य रैली के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक को संबोधित करते हुए खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश को हर पटल पर बढ़त दिलाई है और हर वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी योजनाएं चलाई हैं। जिसके चलते प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा का हर नेता जनता का लोकप्रीय है। नड्डा के होशियारपुर आगमन पर न केवल कार्यकर्ताओं में बल्कि जनता में भी भारी उत्साह है।