
यूक्रेन के दक्षिणी शहर खेरसॉन में रूसी सेना की गोलाबारी के बाद एक नागरिक की मौत हो गई। स्थानीय गवर्नर ने रविवार को इस बात की जानकारी दी है। महीनों तक रूसी कब्जे के बाद यूक्रेन ने नवंबर में खेरसॉन शहर और खेरसॉन क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर फिर से कब्जा कर लिया।
हालांकि, इसके बाद भी रूसी सेनाएं नियमित रूप से निप्रो नदी के विपरीत दिशा से शहर और आसपास के इलाकों पर गोलाबारी करती हैं।
मलबे में दबी महिला
रूसी सेना की ओर से फेंका गया गोला पीड़ित परिवार के घर पर आकर गिरा, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार की दूसरी सदस्य मलबे में फंसी थी। अलेक्जेंडर प्रोकुडिन ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा, “एक गोला कमरे के ठीक बीच में फटा। एक महिला मलबे में फंसी है, लेकिन जीवित है।”
यूक्रेनी अधिकारियों ने यह भी बताया कि रूसियों ने रात को निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र के दक्षिण में गोलाबारी की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया और तीन निजी घरों को नुकसान पहुंचा।
इससे पहले बीते सोमवार की सुबह यूक्रेन की संघीय राजधानी कीव पर एक ड्रोन हमले में दो नागरिक घायल हो गए और संपत्ति को नुकसान होने की सूचना मिली थी। हमले की पुष्टि यूक्रेनी सैन्य प्रशासन की ओर से दी गई। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि तकनीशियन हमले से प्रभावित क्षेत्र की गर्मी और बिजली आपूर्ति को स्थिर करने के लिए काम कर रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं को भी गंभीर क्षति हुई।