
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पाकिस्तान के पेशावर में सामने आया है। जहां पेशावर में सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है। बता दें कि सिख समुदाय के किसी शख्स पर 48 घंटे में हमले की ये दूसरी घटना है।
सिख समुदाय के शख्स की गोली मारकर हत्या
द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी में लगातार दो दिनों में सिख समुदाय पर इस तरह के ये दूसरे हमले को अंजाम दिया गया है। पीड़ित की पहचान मनमोहन सिंह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मनमोहन सिंह की शनिवार को काकशाल इलाके में अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने शनिवार रात बताया कि 34 वर्षीय मनमोहन सिंह शनिवार शाम एक ऑटो-रिक्शा में घर जा रहे थे, तभी गुलदारा चौक ककशाल के पास अज्ञात हथियारबंद लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले में घायल हुए मनमोहन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर लगे CCTV और अन्य सबूत को जुटा रही है। द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, दोषियों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में एक तलाशी अभियान भी चलाया गया है।
दोषियों की गिरफ्तारी का दिया निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक अख्तर हयात खान ने कहा कि उन्होंने पुलिस को जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। बता दें कि एक दिन पहले पेशावर के दबगारी इलाके में एक और सिख शख्स को गोली मारकर घायल कर दिया था। पीड़ित की पहचान तरलुग सिंह पुत्र मक्खन सिंह के रूप में हुई, जिसे दबगारी में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पैर में गोली मार दी थी।