
शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव निपनिया मझरा में मंगलवार शाम चार बजे नहर में नहाते समय विवेक कुमार (13), रोहन (12) व यशपाल (13) की मौत हो गई। काफी देर जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तीन घंटे बाद तीनों के शव नहर में उतराते मिले।
निपनिया निवासी महेश पाल व राजपाल सगे भाई हैं। गांव में मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। गर्मी के चलते महेश पाल का बेटा विवेक कुमार व राजपाल का बेटा रोहन मिलक कोतवाली क्षेत्र के ऐंचौरा गांव निवासी अपने ममेरे भाई यशपाल के साथ नहर में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। घटना के दौरान आसपास कोई मौजूद भी नहीं था, इसलिए कोई मदद को भी नहीं आ सका और डूबकर तीनों की मौत हो गई।
काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। शाम सात बजे तीनों के शव नहर में उतराते मिले। घटना का पता चला चलते ही नहर के किनारे ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बच्चों के परिवार के लोग बेसुध हो गए। सूचना मिलने पर तहसीलदार राकेश चंद्रा और शहजादनगर थाना प्रभारी राजेश बैंसला भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया।
घटना के बाद पटवाई थाना क्षेत्र के ऐंचौरा गांव निवासी यशपाल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव लेकर अपने साथ चले गए। थाना प्रभारी राजेश बैंसला ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।