
काशीपुर हाईवे में महिला का पर्स छीनने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल उसका दूसरा साथी पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है और तीसरा फरार चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला का फोन और पेनड्राइव बरामद की।
देव होम्स काॅलोनी बिंदुखेड़ा निवासी सन्नी कन्याल ने तहरीर में बताया था कि चार जून की रात को वह पत्नी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। रेव सिनेमा के नजदीक पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पत्नी के हाथ में टंगे पर्स को छीन लिया। पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी खंगाल कर घटना में शामिल आरोपी राजा काॅलोनी, ट्रांजिट कैंप निवासी विशाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि उसके साथ ट्रांजिट कैंप निवासी अंशु रस्तोगी और शिव नगर ट्रांजिट कैंप निवासी संजय कुमार भी मौजूद थे। वहीं चार जुलाई की रात को अंशु और संजय ने सिडकुल क्षेत्र में भी दो महिलाओं से पर्स छीना था और बाद में वह सिडकुल पुलिस के हत्थे लग गए थे। आरोपियों ने सिडकुल चौकी में तैनात दरोगा मोहन भट्ट पर बाइक चढ़ा दी थी। घटना में दरोगा समेत दोनों आरोपी घायल हुए थे। दोनों आरोपियों का पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। लेकिन छह जुलाई की सुबह आरोपी संजय पुलिस को चकमा दे कर फरार हो गया था। सिडकुल पुलिस ने आराेपी अंशु को जेल भेज दिया था। एसएचओ विक्रम राठौर का कहना है कि आरोपी विशाल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।