
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में शुक्रवार को देर रात करीब दो बजे ढालपुर मैदान में लगभग 18 टेंट में आग लग गई। कुल्लू में इन दिनों अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव चल रहा है।
दशहरा में जिला भर के 300 से अधिक देवी देवता भाग ले रहे हैं। आग की घटना का पता चलते ही अफरा तफरी मच गई। आग को बुझाते समय दो लोग झुलस गए। इसमें एक युवक का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है।
हालांकि दोनों की स्थित ठीक है। इसमें 13 देवी-देवताओं के अलावा कुछ खाना बनाने वाले और दुकानदारों के टेंट पूरी तरह जल गए हैं। यह सभी देवता खुले आसमान के रह रहे हैं। इसमें देवी देवताओं का सामान जल गया है। कुछ देवता के सोने चांदी के आभूषण भी इसकी चपेट में आ गए हैं।