
उत्तर भारत के कई हिस्सों सहित दिल्ली लगातार दूसरे दिन घने कोहरे में लिपटी रही। इस वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इस वजह से सुबह के वक्त आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह सात बजे से लेकर दस बजे तक आइजीआइ एयरपोर्ट के पास दृश्यता महज 50 मीटर रही। इससे उड़ाने प्रभावित हुईं।
मौसम विभाग ने ट्वीट कर दिल्ली में बुधवार से शुक्रवार तक तीन दिन सुबह में अति घना कोहरा रहने की चेतावनी जारी की है। इसलिए मौसम विभाग ने बुधवार के लिए आरेंज अलर्ट और बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इसके एक दिन पहले भी अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस था। ऐसे में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ।