
देश में कोरोना का संक्रमण अगले चार सप्ताह और बढ़ता दिखाई दे सकता है। इतना ही नहीं आगामी जनवरी के पहले सप्ताह में कोरोना के दैनिक मरीजों की संख्या भी दोगुना से अधिक सामने आ सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने यह आशंका इन्साकॉग की रिपोर्ट के आधार पर जताई है, जिसमें बताया है कि कोरोना वायरस का नया उप स्वरूप जेएन.1 अब तक सात राज्यों में मिला है।
बीते नवंबर माह में केरल, कर्नाटक और गोवा में पहले चार मरीज सामने आए, लेकिन अब गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा राजस्थान में भी मिले हैं। मंगलवार को राजस्थान के पांच मरीजों में जीनोम सीक्वेंसिंग से जेएन.1 उप-स्वरूप की पुष्टि हुई है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में जेएन.1 उप स्वरूप के कुल मामले बढ़कर 69 तक पहुंच गए हैं। गोवा में 34, कर्नाटक में आठ, केरल में छह, महाराष्ट्र में नौ, राजस्थान में पांच, तमिलनाडु में चार और तेलंगाना में दो मरीज हैं। क्रिसमस और नए साल का जश्न पूरा होने के बाद दैनिक संक्रमित रोगियों में उछाल आने की आशंका है।