
दुबई एयर शो में शुक्रवार को फ्लाइंग डिस्प्ले के दौरान भारतीय तेजस लड़ाकू विमान एक गंभीर हादसे का शिकार हो गया। भारतीय वायुसेना की ओर से जारी बयान में पुष्टि की गई है कि दुर्घटना में पायलट की मृत्यु हो चुकी है।
स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे तेजस अपनी डेमो उड़ान कर रहा था, तभी अचानक वह नियंत्रण खो बैठा और तेजी से नीचे गिरते हुए जमीन से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही क्षणों में घना काला धुआं आसमान में फैल गया।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों और रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। एयर शो देखने आए हजारों दर्शकों—जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। एयर शो प्रबंधन ने दुर्घटना स्थल को तत्काल सील कर दिया और सभी उड़ान प्रदर्शन अस्थायी रूप से रोक दिए गए।
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। भारतीय पक्ष भी स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर विस्तृत जानकारी जुटा रहा है।
‘द फ्यूचर इज़ हियर’ थीम के साथ आयोजित यह दुबई एयर शो 17 से 21 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में चल रहा है। यह 19वां संस्करण है और अब तक के सबसे बड़े फ्लाइंग और स्टैटिक डिस्प्ले के रूप में दर्ज किया जा रहा है। इस बार 200 से अधिक विमानों की प्रदर्शनी शामिल है, जिनमें कमर्शियल एयरक्राफ्ट, मिलिट्री जेट्स, प्राइवेट जेट्स, UAVs और अत्याधुनिक एयरोस्पेस तकनीकें मौजूद हैं। आयोजन में 1,48,000 से अधिक ट्रेड विजिटर्स और 115 देशों के 490 सैन्य व नागरिक प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं।