
नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के पिता और पूर्व मिजोरम राज्यपाल स्वराज कौशल का गुरुवार को 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और विधिक समुदाय में शोक की लहर है।
12 जुलाई 1952 को हिमाचल प्रदेश के सोलन में जन्मे स्वराज कौशल सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता थे और पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज के पति थे। उनकी सादगी, ईमानदारी और देश सेवा के प्रति समर्पण को लेकर वे सुप्रसिद्ध रहे।
स्वराज कौशल के निधन पर अनेक नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। मालवीय नगर से विधायक और भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने एक्स पर पोस्ट कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि स्वराज कौशल के अचानक निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने देश के लिए ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। बांसुरी स्वराज और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की।