
गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में लगी भीषण आग के मामले में मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को भारत लाया जा चुका है। थाईलैंड में प्रत्यर्पण की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद थाईलैंड प्रशासन ने दोनों आरोपियों को भारत को सौंप दिया। CBI की टीम उन्हें विमान से लेकर दिल्ली पहुंची, जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
यह दर्दनाक हादसा 6 दिसंबर की रात हुआ था, जब अरपोरा के नाइट क्लब में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। इस हादसे में 5 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के समय लूथरा ब्रदर्स दिल्ली में मौजूद थे और आग की खबर सामने आते ही वे देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। बाद में बैंकॉक एयरपोर्ट से उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।
इंटरपोल और भारतीय उच्चायोग के सहयोग से गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। CBI की टीम आज सुबह दोनों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। राजधानी पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।