
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज क्रांति दिवस के अवसर पर मेरठ में 1857 की क्रांति के वीरों को नमन करने पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से शाम पौने पांच बजे पुलिस लाइंस पहुंचे। इसके बाद शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके बाद सीएम योगी विक्टोरिया पार्क पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस क्रांति दिवस के अवसर पर बाबा औघड़नाथ की धरती को नमन करता हूं। वहीं, सभी क्रांतिकारियों को नमन करता हूं। यह वर्ष महत्वपूर्ण है। हम सब आभारी है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के। जिनके नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। मेरठ की क्रांति धरा अमृत महोत्सव से सीधे जोड़ती है। आज भी जो लोग हमें बांटना चाहते हैं। उनके मंसूबों को तोड़ना होगा। वर्तमान के राज पर विश्वास रखिए और आगे बढ़ते रहिए। उन लोगो से सावधान रहिए जो अब भी साजिश रच रहे हैं।
उन्होंने कहा याद करिए आजादी के 75 वर्ष पहले क्या हुआ था। उसके 90 वर्ष पहले बैरकपुर में शहीद मंगल पांडे ने ज्योति जलाई थी। पहली देश के स्वतंत्रता की लड़ाई है। जाति, धर्म से ऊपर उठकर लड़ाई को लड़ रहा था। 1857 में जो क्रांति की लौ फूटी वो गांव-गांव जाकर नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए मजबूर कर गई।
हम लोग क्रांति दिवस के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज कितना सुहावना मौसम है। उन क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण आज हम उस उत्सव को देख पा रहे हैं। उन्होंने उस कालखंड में बलिदान दिया। हमारा सौभाग्य है कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत पूरी दुनिया के अंदर नेतृत्व करता दिखाई दे रहा है।
मेरठ नए कलेवर में आगे बढ़ रहा
रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है। 14 लेन के एक्सप्रेस-वे ने दिल्ली की दूरी कम कर दी है। गंगा एक्सप्रेस-वे, जेवर हवाई अड्डा से मेरठ की सूरत बदल जाएगी। याद करिए क्रांतिकारियों ने तो दिल्ली तक पैदल सफर किया होगा। मेरठ एक उत्पाद में पूरे विदेश में जाना जाता है। हम यहां खेल विवि भी बना रहे हैं। ये हमारी जिम्मेदारी है कि भारत की आजादी के बाद नए भारत का सपना जो देखा था। उसमें भारत पूरी दुनिया की मदद कर रहा है। विश्व मानवता पर जहां भी संकट आता है। भारत आगे खड़ा रहता है। भारत की धरती ऐसे ही स्वर्ण अक्षरों से भरी पड़ी है। रूस-यूक्रेन युद्ध में भी दुनिया भारत की तरफ देखती है। प्रधानमंत्री मोदी के शांति के वचन को दुनिया अपना रही है। प्रदेश में सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज उत्तर प्रदेश पीएम मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है।
आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ होंगे आयोजन
राम नवमी का आयोजन शांतिपूर्ण किया। हनुमान जयंती के कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण हुए। वहीं, अनावश्यक माइक भी हट सकते हैं। अलविदा जुमा की नमाज सड़कों पर नहीं होगी, इबादतगाहों में होगी। यह भी उत्तर प्रदेश ने कर दिखाया है। अब उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है। सभी क्रांतिकारियों के सपने को पूरा करने के लिए हम आगे बढ़ चले है। हम सब मिलकर पीएम मोदी के नेतृत्व में आगे चलेंगे। भारत को दुनिया में सबसे तेज अर्थव्यवस्था के साथ आस भरी निगाहों से देखा जा रहा है। सीएम योगी मेरठ से निकल गए हैं। वहीं विक्टोरिया पार्क के कार्यक्रम में भीड़ बेकाबू हो गई। कुछ लोगों ने कुर्सियों पर खड़े होकर कार्यक्रम को देखा।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मेरठ और उत्तर प्रदेश की पहचान बदल दी है। पहली बार कोई मुख्यमंत्री मेरठ क्रांति दिवस पर आया है। हमारी सरकार की सोच यही है। मेरठ क्रांति, प्रगतिशील नगर के रूप में पूरे देश मे विख्यात है। विकास के रास्ते खुल गए हैं। अब मेरठ अपराधियों के लिए नहीं प्रगति के लिए विख्यात है। अब से 10 वर्ष पहले कोई क्रांति दिवस को नहीं मनाता था।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर सबसे पहले धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के गेट के बाहर आईटीएमएस चौराहों को प्रदर्शित करने वाली स्क्रीन का अवलोकन किया। इसके बाद कमिश्नरी आवास चौराहे पर क्रांति साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम योगी ने रैपिड रेल निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और फिर शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया। यहां से सीएम औघड़नाथ मंदिर की ओर रवाना हुए।
गृह मंत्रालय के सर्विलांस सिस्टम से जोड़ा जाए आईटीएमएस कंट्रोल रूम: सीएम
सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि गृह मंत्रालय के सर्विलांस सिस्टम से आईटीएमएस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाए, ताकि सर्विलांस कैमरे लगने के बाद अपराधियों पर आसानी से शिकंजा कसा जा सके। इस दौरान उन्होंने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए आईटीएमएस की सराहना की। उन्होंने आईटीएमएस के नोडल प्रभारी एवं अधिशासी अभियंता अमित शर्मा को इसी प्रकार अन्य कार्य शहर में करने के लिए भी निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री बेहद ही प्रसन्न चित्त मुद्रा में नजर आए।
66.71 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्रांति दिवस पर आज कई घंटे मेरठ में रहे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। शहीद स्मारक और विक्टोरिया पार्क में शहीदों को नमन किया। सीएम योगी ने 66.71 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया था कि मेरठ में मुख्यमंत्री का करीब साढ़े चार घंटे का कार्यक्रम है। इस दौरान वे 8.61 करोड़ की सात परियोजनाओं का शिलान्यास और 58.10 करोड़ की 11 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मेरठ में हुई दस मई 1857 की क्रांति को 165 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
वहीं सीएम योगी ने मेरठ पहुंचने से पहले अपने टविटर हैंडल से मेरठ आने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने लिखा – क्रांति की पावन धरा जनपद मेरठ में आज ‘अमर जवान ज्योति’ पर माँ भारती के वीर सपूतों को नमन करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने हेतु आने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यहां विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ संचालित व निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा भी करूंगा।