
मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आप हाउस टैक्स माफ और कमर्शियल टैक्स हाफ के वादे के साथ जनता के बीच जाएंगी।
निकाय चुनाव में पहली बार आम आदमी पार्टी (आप) की एंट्री के साथ ही प्रदेश में निकाय चुनाव में अब त्रिकोणीय मुकाबला होने की बात कही जा रही है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी आम आदमी पार्टी ही असली विपक्ष बनकर उभरेगी। उन्होंने पार्टी के मजबूत संगठन को देखते हुए पूर्ण विश्वास जताया है कि पार्टी नगर निकाय चुनाव में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी और कांग्रेस- भाजपा के गठबंधन को कुचल देंगी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अपने प्रत्याशी उतारेगी और पंचायत चुनावों में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पूर्ण समर्थन प्रदान करेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही पार्टी नगर निकाय चुनावों के प्रत्याशियों की प्रथम सूची जल्द ही जारी करेगी।
सिंह ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन हेतु स्क्रीनिंग व सर्वे का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सिंह ने कहा कि कट्टर देशभक्ति, कट्टर ईमानदारी व इंसानियत के रास्ते पर चलने वाले प्रत्याशियों को ही पार्टी टिकट देकर चुनाव लड़वायेगी।