कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी:72 देशों के एथलीट ने लिया हिस्सा, भारतीय खिलाड़ियों की एंट्री से गूंजा स्टेडियम; सिंधु-मनप्रीत बने ध्वजवाहक

common wealth game crowd

इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में शुक्रवार को 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित हुई। प्रिंस चार्ल्स ने महारानी एलिजाबेथ का संदेश पढ़ा और खेलों के शुरुआत की घोषणा की। इस रंगारंग कार्यक्रम में करीब 30 हजार दर्शकों की मौजूदगी रही। अब 11 दिनों तक दुनिया के 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा एथलीट जलवा दिखाते नजर आएंगे।

खेलों के इस महाकुंभ में भारत के 213 खिलाड़ी 16 खेलों में शिरकत करेंगे। भारत 18वीं बार इस खेल में भाग ले रहा है। देश के खिलाड़ियों ने 1930, 1950, 1962 और 1986 में कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

ऑस्ट्रेलिया से परेड की शुरुआत, इंग्लैंड ने समापन किया
परेड में जैसे ही भारतीय दल को आवाज दी गई पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों को जोरदार तरीके से स्वागत किया। ओपनिंग सेरेमनी में बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह भारत के ध्वजवाहक रहे।

नीरज चोपड़ा के चोटिल होने के कारण पीवी सिंधु ध्वजवाहक बनीं। सिंधु दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट हैं। उन्होंने 2016 रियो ओलिंपिक में बैडमिंटन में सिल्वर और टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने परेड की शुरुआत की। वहीं, मेजबान इंग्लैंड की एंट्री के साथ सभी देशों की परेड खत्म हुईं। इंग्लैंड की टीम लाल और सफेद रंग के कपड़ों में नजर आई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘सभी देशवासियों की ओर से राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए मैं भारतीय दल को शुभकामनाएं देती हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित करेंगे। सभी देशवासी आपकी विजय की मंगल कामना करते हैं।’

ओपनिंग सेरेमनी में 10 मीटर लंबा बुल बनाया गया और इसकी मदद से बर्मिंघम ने सालों का अपना संघर्ष दिखाया। साथ ही यह भी दिखाया कि किस तरह इस शहर ने तमाम मुश्किलों को पार किया।

इंग्लैंड के बच्चे तिरंगे के साथ दिखे
ओपनिंग सेरेमनी देखने आए इंग्लैंड के बच्चों ने अद्भुत मिसाल पेश की। वो भारत के तिरंगे के साथ नजर आएं। वहीं, 1970 के दशक के सुपरहिट ब्रिटिश बैंड ब्लैक सबैथ के लीड गिटारिस्ट रहे टोनी इयोमी की धुन पर डांसर्स ने परफॉर्म किया। बर्मिंघम में जन्मे इयोमी ही बैंड की शुरुआत करने वालों में से एक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *