
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत अब तक 26 पदक जीत चुका है। इसमें नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। आठवें दिन पहलवान बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया और साक्षी मलिक ने स्वर्ण जीता। अंशु मलिक ने रजत जीता। वहीं, दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य जीता। भाविना ने भी पैरा टेबल टेनिस के फाइनल में जगह बना ली है और पदक पक्का कर लिया है।
भारत के पदक विजेता
9 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया
8 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक
9 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में महिला हॉकी के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को शूटआउट 3-0 से हरा दिया। फुल टाइम के बाद स्कोर 1-1 से बराबर रहा था। इस तरह मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा था। शूटआउट में दोनों टीमों को पांच-पांच प्रयास मिलते हैं। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती तीनों गोल दागे, जबकि भारतीय टीम की ओर से कोई खिलाड़ी गोल नहीं दाग सका।
पहले तीन प्रयासों में विफल रहने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत गई। अब महिला हॉकी के फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड से भिड़ेगी। वहीं, भारतीय महिला टीम के लिए अभी उम्मीदें खत्म नहीं हुई हैं। टीम इंडिया अब कांस्य पदक के लिए न्यूजीलैंड से रविवार को भिड़ेगी। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।