
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के जांच अफसर (IO) को अचानक बदल दिया गया है। पहले थाना सिटी मानसा के एसएचओ अंग्रेज सिंह इसकी जांच कर रहे थे। उनकी जगह अब गुरलाल सिंह को जांच अफसर लगाया गया है। अंग्रेज सिंह थाना सिटी मानसा के एसएचओ थे। मूसेवाला का कत्ल इसी थाने के इलाके में होने की वजह से बतौर एसएचओ वह जांच अफसर थे।
जहां उन्हें गैंगस्टर्स की लगातार धमकी मिल रही थी। पुलिस को उनकी और थाने की सुरक्षा भी बढ़ानी पड़ी थी। अंग्रेज सिंह को अब बुढलाडा का एसएचओ लगाया गया है। हालांकि मानसा के SSP गौरव तूरा ने इसे रूटीन तबादला बताया है।
SIT संभाल रही ओवरऑल जांच
मूसेवाला हत्याकांड की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम कर रही है। जिसकी अगुआई IG जसकरण सिंह कर रहे हैं। इस टीम में मानसा के एसएसपी गौरव तूरा, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के AIG गुरमीत चौहान भी शामिल हैं। इसमें बठिंडा और मानसा के DSP के साथ थाना सिटी मानसा के एसएचओ को भी शामिल किया गया है।
पहला चालान पेश कर चुकी पुलिस
जांच अफसर अंग्रेज सिंह की अगुआई में पंजाब पुलिस मूसेवाला हत्याकांड का चालान पेश कर चुकी है। जिसमें 24 कातिलों और 166 गवाहों के नाम दर्ज है। इसमें गोल्डी बराड़ को मास्टरमाइंड बताया गया है। गोल्डी ने ही मूसेवाला की रेकी करने के साथ शूटर्स को हथियार और गाड़ियां उपलब्ध कराई। इसके अलावा लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया ने भी शूटर उपलब्ध कराने, साजिश रचने में गोल्डी का साथ दिया। इनके अलावा विदेश भागे लॉरेंस के भांजे सचिन थापन को अजरबैजान से वापस लाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। लॉरेंस के भाई अनमोल की लोकेशन भी कीनिया में ट्रेस हो चुकी है।