
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का गोलियां मारकर कत्ल करने वाले छठे शूटर दीपक मुंडी व उसके दो साथियों को शनिवार देर रात पुलिस पंजाब लेकर पहुंची। पंजाब पुलिस ने दीपक मुंडी, कपित पंडित व राजेंद्र जोकर को सुबह मानसा कोर्ट में पेश किया और 7 दिन का रिमांड हासिल कर लिया। दोपहर 12 बजे पंजाब के डीजीपी गौरव यादव चंडीगढ़ में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी और रिकवरी की सूचना देने वाले हैं।
दीपक मुंडी 6 शार्प शूटरों में से एक था, जिसे कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में हायर किया था। दो गाड़ियों में सिद्धू मूसेवाला को कत्ल करने पहुंचे शूटरों में दीपक मुंडी बोलेरो मॉड्यूल का शूटर था। बताया जाता है कि दीपक मुंडी ने अपने दोनों हाथों में पिस्टल पकड़ कर सिद्धू मूसेवाला पर गोलियां बरसाई थी। जबकि अन्य दो आरोपी कपिल पंडित और राजेंद्र जोकर ने दीपक मुंडी को छिपने व पैसों आदि में मदद की थी।
वेस्ट बंगाल व नेपाल बॉर्डर से हुई गिरफ्तारी
दीपक मुंडी और उसके साथियों की गिरफ्तारी वेस्ट बंगाल और नेपाल बॉर्डर से की गई। पंजाब पुलिस को मुंडी की इनपुट केंद्र की खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने दी। जिसके बाद पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने वेस्ट बंगाल का रुख किया। तकरीबन 105 दिन बाद मुंडी पुलिस की गिरफ्त में आया।
3 शूटर पुलिस की गिरफ्त में, दो का हो चुका एनकाउंटर
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में दीपक मुंडी छठा शार्प शूटर था। इसे पहले मूसेवाला हत्याकांड में शामिल 3 शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा और कशिश उर्फ कुलदीप को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्नू कुस्सा का पंजाब के अमृतसर में ही दो महीने पहले एनकाउंटर कर दिया गया था।