राजस्थान : सीएम गहलोत ने रात में की बैठक, आज पहुंचेंगे दिल्ली

cm-gehlot

कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संगठन चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने कहा, पहले मैं आखिरी सांस तक राहुल गांधी को मनाऊंगा। वे नहीं माने, तो आलाकमान का जो आदेश होगा वो स्वीकार कर लूंगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार यानी आज दिल्ली में होंगे। गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने की संभावना है।

इससे पहले मंगलवार देर रात सीएम गहलोत ने अपने सरकारी आवास पर कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में विधायकों से उन्होंने कहा कि यदि वह पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन दाखिल करने का फैसला करते हैं तो उन्हें नई दिल्ली आने के लिए कहा जाएगा। लेकिन वह पहले कोच्चि जाएंगे और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे। विधायक दल की बैठक के बाद राजस्थान के एक कैबिनेट मंत्री ने यह जानकारी दी।

अशोक गहलोत पहले कोच्चि जाएंगे
मंत्री ने कहा कि “मुख्यमंत्री गहलोत पहले कोच्चि जाएंगे और राहुल गांधी से पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का आग्रह करेंगे।’ उनके अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि यदि उन्हें अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने को कहा जाता है तो वह विधायकों को सूचित करेंगे। मंत्री ने बताया कि इसके साथ ही गहलोत ने विधायकों को विधानसभा सत्र के बारे में निर्देश दिए।

बैठक में विधानसभा के मौजूदा सत्र को लेकर सीएम गहलोत ने दिए निर्देश
राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ‘‘बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे तो विधायकों को नई दिल्ली पहुंचने के लिए संदेश आयेगा।’’ उन्होंने कहा कि राज्य में कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है और मुख्यमंत्री लोगों से दूर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में विधानसभा के मौजूदा सत्र व बजट की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। खाचरियावास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने इस संबंध में निर्देश दिये कि विधानसभा में कैसे क्या करना है। मुख्यमंत्री जी दिल्ली जाएंगे और तीन दिन बाद वापस आएंगे ….तो उन्होंने विधानसभा के बारे में पूरे निर्देश दिए।’’

गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरे जाने की अटकलों पर खाचरियावास ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी खुद वरिष्ठ नेता हैं, वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन भरेंगे, नहीं भरेंगे, क्या होगा, ये सब बात गहलोत जी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी व कांग्रेस आलाकमान आपस में बैठकर तय करेगा।’’

खचरियावास ने कहा कि गहलोत का दिल्ली, केरल और महाराष्ट्र जाने का कार्यक्रम है और उन्होंने विधायकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि विधानसभा सुचारू रूप से चले। बैठक से पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के लिए अपने आवास पर रात्रि भोज का आयोजन किया। जिसमें राज्यपाल कलराज मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी व घनश्याम तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया सहित राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित प्रदेश के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

24 सितंबर से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया
कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर को समाप्त होगी और गहलोत को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एक शीर्ष दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अब तक इस बात से इनकार किया है कि वह एक उम्मीदवार हैं और उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी को चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464