एमसीडी चुनाव में कांग्रेस ने आखिरी वक्त में तीन वार्डों के प्रत्याशियों को बदल दिया। इनमें रोशनपुरा (वार्ड नंबर-129)से जसबीर डबास की जगह कुलदीप सिंह फलसवाल, मालवीय नगर (वार्ड नंबर-149) से वंदना सैनी की जगह तबस्सुम फातिमा सिद्दीकी जबकि कबीर नगर (वार्ड नंबर-234) से मो. शहनवाज की जगह जारिफ को चुनाव के मैदान में उतरने का मौका दिया है।
देर रात कांग्रेस ने पूर्वी पटेल नगर (वार्ड नंबर-86) से शकुंतला परेवा को प्रत्याशी बनाया था। रविवार रात कांग्रेस ने 249 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। नामांकन से कुछ घंटे पहले तीन वार्डों के प्रत्याशियों के बदल दिए गए। इससे कई पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष दिखने लगा है। सूत्रों का आरोप है कि कई वार्ड से ऐसे ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है जिन्हें स्थानीय स्तर पर काफी कम लोग पहचानते हैं। आखिरी दिनों में कांग्रेस में आम आदमी पार्टी, भाजपा, बसपा सहित कई और पार्टियों के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए।
भाजपा 30 से अधिक स्टार प्रचारक एमसीडी चुनाव में उतारेगी
एमसीडी चुनाव जीतने के लिए भाजपा अपने दिग्गजों को चुनाव प्रचार में उतारेगी। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ ही केंद्रीय मंत्री, सांसद, राष्ट्रीय पदाधिकारी इस टीम में शामिल होंगे, जो चुनावी सभा के साथ ही नुक्कड़ सभा और रोड शो में भाग लेंगे।
प्रदेश भाजपा दिल्ली में 30 से अधिक स्टार प्रचारकों को उतारेंगे। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री, मनोज तिवारी समेत दिल्ली सभी सांसद स्टार प्रचारक होंगे। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी भी चुनावी सभा करेंगी। भोजपुरी स्टार प्रचारक में रवि किशन, निरहुआ, मनोज तिवारी समेत प्रदेश भाजपा के भी कई पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। रणनीति के तहत पार्टी छोटी-छोटी चुनावी सभा, पदयात्रा, घर-घर संपर्क अभियान के तहत लोगों को जोड़ेगी। केंद्रीय नेतृत्व करीब आधा दर्जन बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। ढाई सौ वार्ड तक भाजपा अपनी पहुंच बनाने का प्रयास करेगी। भाजपा के विधायक भी वार्ड प्रत्याशियों के साथ मतदाताओं से संपर्क साध वोट मांगेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि भाजपा के सभी प्रत्याशी अंतिम मतदाता से मिलकर केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार एवं अकर्मण्यता पर चर्चा करेंगे। दिल्ली भाजपा के निगम चुनाव प्रभारी आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली की जनता आप विधायकों के भ्रष्टाचार से त्रस्त है।