Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
Udham Singh Nagar : सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, तीसरा घायल - The Indian Exposure

Udham Singh Nagar : सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, तीसरा घायल

Accident and cautions.

बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार दो भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गमगीन माहौल में मोहल्ले वासियों ने दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहल्ला जोशीयान निवासी ध्रुव जोशी (18) पुत्र स्व. सुनील जोशी, कुणाल जोशी (23) पुत्र दिनेश जोशी, सुमित जोशी (24) पुत्र विनीत जोशी चचेरे-तहेरे भाई हैं। ध्रुव जोशी की बहन की शादी कस्बा झालू जिला बिजनौर में हुई है। शुक्रवार सुबह ध्रुव की मां ने अपनी बेटी के लिए कुछ सामान भिजवाया था। ध्रुव के साथ सुमित जोशी भी चला गया। कुणाल पहले से ही बहन के घर रुका था।
शाम छह बजे तीनों बहन के घर से एक ही बाइक से लौट रहे थे। नादेही चीनी मिल के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने ध्रुव और कुणाल को मृत घोषित कर दिया। सुमित का उपचार कर उसे घर भेज दिया। सूचना पर मोहल्ले में कोहराम मच गया और सभी लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


दूर हुआ आंखों का तारा, मां से छूटा बुढ़ापे का सहारा
पति की मौत के बाद जसपुर निवासी रेनू देवी ने बड़ी कठिनाइयों का सामना कर अपने बच्चों की परवरिश की। बच्चों को किसी चीज की कमी न हो इसके लिए उन्होंने घरों में बर्तन तक मांजने का काम किया। उन्हें उम्मीद थी कि एक दिन उनका बेटा बड़ा होगा और बुढ़ापे का सहारा बनेगा। ध्रुव भी मां के संघर्षों और अपनी जिम्मेदारियों से वाकिफ था। परिवार के जीवन में खुशियां आनी शुरू ही हुई थी कि एक हादसे ने रेनू के ध्रुव तारे को उससे दूर कर दिया।
ध्रुव के पिता का आठ साल पहले देहांत हो चुका था। तब से ही उसकी मां रेनू बीमार रहने लगी थी। वह एक कपड़ों की दुकान में काम कर मां का हाथ बंटा रहा था। लोगों ने बताया कि उसकी चार बहनों में से दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक की शादी के लिए वर तलाशा रहा था। ध्रुव की मौत की सूचना मिलने के बाद से ही उसकी मां बेहोश पड़ी है। बहनों का भी रोते-रोते बुरा हाल है।


चल रही थी कुणाल की शादी की तैयारी
कुणाल जोशी के घर में उस का छोटा भाई और माता-पिता हैं। वह अपने पिता के साथ मेहनत मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थी लेकिन शादी अभी तय नहीं हुई थी। उसके घर में कोहराम मचा है। दुर्घटना में घायल सुमित जोशी किराने की दुकान करता है। उसने बताया कि बाइक ध्रुव चला रहा था, वह सबसे पीछे बैठा था। कुणाल बीच में बैठा था। तीनों को घर पहुंचने की जल्दी थी। मोहल्ले वासियों ने परिजनों के साथ दोनों भाइयों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481