
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। चंडीगढ़-पंजाब में सूबे में रविवार का दिन इस सीजन का अब तक सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ। साल 2020 के बाद अब अधिकतम तापमान औसत 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
पंजाब में सबसे ठंडा जिला बठिंडा रहा। यहां दिन का तापमान 9 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा। मोगा में अधिकतम तापमान 9.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री तक चला गया। वही दिन-रात के तापमान में भी महज 5 से 7 डिग्री का ही अंतर रह गया है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ की चेतावनी है कि चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में 28 दिसंबर तक मौसम इसी तरह कड़ाके की सर्दी वाला रहेगा। 29 दिसंबर को आंशिक बादल छाएंगे। इस दौरान कड़ाके की सर्दी से राहत की उम्मीद है। 28 दिसंबर की रात को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर से एक्टिव होने जा रहा है, जिसका असर 29 को देखने को मिलेगा।
चंडीगढ़ में पारा सामान्य से 10 डिग्री नीचे रहा जबकि शनिवार की अपेक्षा रविवार को 3 डिग्री कम रिकाॅर्ड किया गया। सोमवार को मामूली धुंध के साथ मौसम साफ रहेगा। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 26 और 27 दिसंबर को किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
हरियाणा में रविवार को सिवियर कोल्ड डे रहा
दिन का औसत तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। 24 घंटे में यह 2.8 डिग्री कम हुआ है। महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, नूंह को छोड़ बाकी 17 जिलों में दिन का पारा 15 डिग्री से कम रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश में सोमवार के लिए कोल्ड डे, काेहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में पाला जमने की भी संभावना है। औसतन तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। जब रात का पारा 10 डिग्री से कम रहता है और दिन के तापमान में सामान्य से 6.4 डिग्री की कमी आ जाती है तो सीवियर कोल्ड-डे होता है।