
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ मार्च को त्रिपुरा में भाजपा और इसके सहयोगी दल इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) के गठबंधन की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। शनिवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इससे पूर्व त्रिपुरा में मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपनी सरकार का इस्तीफा सौंप दिया था। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह अगरतला के विवेकानंद मैदान में होगा। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रेवती ने शनिवार को बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी समारोह में भाग लेंगे।
इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को देखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
मेघालय में 7 मार्च को होगा शपथ ग्रहण समारोह
उधर , मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के नेतृत्व वाली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सात मार्च को होगा। पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनपीपी के विधायक प्रेस्टन टायनसांग ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनपीपी प्रमुख कोनराड संगमा मेघालय के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। असम के मुख्यमंत्री डा. हिमंत बिस्वा सरमा भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि हमारे पास विधायकों की पर्याप्त संख्या है। हम अन्य राजनीतिक दलों से भी संपर्क कर रहे हैं और यह संख्या बढ़कर 38-40 तक हो सकती है। उन्होंने बताया कि भाजपा के अलावा हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (HSPDP) के दो और दो निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार बनाने के लिए एनपीपी को अपना समर्थन दिया है और अभी हमारे पास 32 विधायक हैं।
बता दें कि एनपीपी 26 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। उधर, नगालैंड में भी सात मार्च को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा गठबंधन सरकार दूसरी बार सत्ता में लौटी है। गठबंधन ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 37 सीटें जीती हैं।