
हाल ही में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद माणिक साहा बुधवार यानी आज दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। मेगा कार्यक्रम अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में आयोजित किया जाएगा।
अमित शाह और नड्डा मंगलवार को ही अगरतला पहुंच चुके हैं। महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर माणिक साहा ने उनका स्वागत किया। मनोनीत मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात कर पूर्वोत्तर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया
भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए साहा
इससे पहले, सोमवार को भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायकों की आम सभा हुई, जिसमें सर्वसम्मति से विधायक दल के नेता के लिए माणिक साहा का नाम प्रस्तावित किया गया। बैठक के बाद साहा ने ट्वीट किया, ”विधायक दल के नेता के रूप में मुझे चुनने के लिए मैं सभी का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। पीएम नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में, हम ‘उन्नत त्रिपुरा, श्रेष्ठ त्रिपुरा’ बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे और सभी वर्गों के लोगों का कल्याण सुनिश्चित करेंगे।”
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
मनोनीत मुख्यमंत्री ने कहा, “शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।” उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाजपा ने जीती 32 सीटें
भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल कर राज्य की सत्ता में वापसी की है। चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा ने लगभग 39 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 32 सीटें जीतीं। टिपरा मोथा पार्टी 13 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 11 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं। इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने एक सीट जीतकर अपना खाता खोलने में कामयाबी हासिल की। माकपा और कांग्रेस का संयुक्त वोट शेयर लगभग 33 प्रतिशत रहा।