
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को इस्लामाबाद की एक अदालत ने गुरुवार को समन भेजा है। यह समन बुशरा बीबी (Bushra Bibi) के साथ उनके कथित गैर-इस्लामिक निकाह (Un-Islamic Marriage) से संबंधित मामले में भेजा गया है।
गौरतलब है कि इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख हैं। उन्हें तोशाखाना मामले (Toshakhana Case) में पांच अगस्त को लाहौर में उनके जमान पार्क आवास से गिरफ्तार किया गया था। बाद में, कोर्ट से दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें जेल में डाल दिया गया।
इमरान खान पर अपनी पत्नी की इद्दत के दौरान कथित तौर पर तीसरी शादी करने का आरोप है। इद्दत एक इस्लामिक शब्दावली है। जब कोई महिला किसी शख्स से तलाक लेती है या अपने पति की मौत के बाद किसी और से निकाह करना चाहती है तो इसके लिए उसे एक निश्चित समय तक इंतजार करना होता है। इसे ही इद्दत कहते हैं।