
बुखार दिनों दिन कहर बरपा रहा है। निजामपुर सेंदरी और चांदनगर में बुखार से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि दोनों गांवों में घर-घर बुखार के मरीज भर्ती है। सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में मरीज घरों में ही ड्रिप लगवाने को मजबूर हैं। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 59 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में कैंप लगाकर दवा बांटी और जांच कराई। बुखार के साथ जनपद में डेंगू का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। बुखार बड़ी संख्या में लोगों की जान लील चुका है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। जबकि आवास विकास के रहने वाले अधिवक्ता को नोएडा में डेंगू की पुष्टि हुई है।
ओपीडी में भी बुखार पीड़ितों की भरमार दिखाई दे रही है। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 11 मरीजों की डेंगू की जांच की गई, जिसमें दो लोगों की रैपिड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इसी के साथ जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या 59 पहुंच गई है। जिला अस्पताल के साथ साथ निजी अस्पतालों में भी मरीजों की लंबी कतार दिखाई दे रही है।