
मणिपुर की इंफाल घाटी में गुरुवार रात एक बार फिर हिंसा भड़क गई। यहां मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के खाली पैतृक आवास पर हमला करने का प्रयास किया गया। साथ ही रात भर हिंसक झड़पें चलीं। हालांकि, शुक्रवार सुबह स्थिति काफी हद तक शांत रही, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
वहीं, अधिकारियों ने लोगों को आवश्यक वस्तुएं और दवाएं खरीदने के लिए कर्फ्यू में ढील देने का आदेश दिया। बता दें, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में सुबह पांच बजे से रात 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। हालांकि, यह छूट किसी भी सभा या बड़े पैमाने पर लोगों की आवाजाही या धरना प्रदर्शन पर लागू नहीं होगी।
इंफाल घाटी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल मौजूद हैं। इसके बावजूद भीड़ ने गुरुवार रात मुख्यमंत्री के खाली पैतृक आवास पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़कर उपद्रवियों को वहां से हटा दिया।