
मौसमी बदलाव के बाद दिल्ली-एनसीआर के तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम व उत्तर पूर्वी दिशाओं से चली ठंडी हवा के कारण रात को तापमान में थोडी गिरावट हुई। हालांकि रविवार से इसमें बढ़त की उम्मीद है। रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदा-बादी के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़त होगी। कल से हवा की दिशा भी बदलकर उत्तर व पूर्व होगी। मैदानी इलाकों से दिल्ली-एनसीआर में पहुंचने वाली हवा तापमान को कुछ गर्म करेगी। रविवार को हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इसकी बड़ी वजह दिन में खिली धूप रही। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से चली हवा के कारण न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से दिल्ली-एनसीआर में पहुंचने वाली हवा की दिशा उत्तर व पूर्व होगी। मैदानी क्षेत्र से आने वाली हल्की गर्म हवा से तापमान में कुछ बढ़त हो सकती है। हालांकि दिन में धूप खिली रहने के कारण दिन का तापमान बढ़ सकता है। विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान घटकर 17 डिग्री तक पहुंच सकता है।