
अंडा एक संपूर्ण और पोषण से भरपूर सुपरफूड है, जिसे दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ और डाइटीशियन भी रोज़ाना की डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। यह प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत है। ज़्यादातर लोग इसे उबालकर, ऑमलेट बनाकर या स्क्रैम्बल एग के रूप में खाना पसंद करते हैं। लेकिन कुछ लोग फिटनेस के नाम पर या बॉडीबिल्डिंग ट्रेंड को फॉलो करते हुए कच्चा अंडा खाने लगे हैं। वे सोचते हैं कि बिना पकाए अंडा खाने से ज्यादा प्रोटीन मिलेगा और मसल्स जल्दी बनेंगे। मगर यह एक खतरनाक भ्रम है, जो सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।कच्चे अंडे में Salmonella नामक एक खतरनाक बैक्टीरिया पाया जाता है। यह बैक्टीरिया अंडे के अंदर या बाहर किसी भी हिस्से में मौजूद हो सकता है। जब कोई व्यक्ति कच्चा या अधपका अंडा खाता है, तो यह बैक्टीरिया शरीर में पहुंचकर फूड पॉइज़निंग, डायरिया, बुखार, पेट दर्द और उल्टी जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।कई लोगों को अंडे से एलर्जी भी होती है, और अगर वह कच्चा अंडा खाते हैं तो यह एलर्जी और अधिक तीव्र हो सकती है, जिससे स्किन रैशेज़, सांस लेने में तकलीफ और पेट में गड़बड़ी जैसे लक्षण दिख सकते हैं। इसके अलावा, कच्चा अंडा पचाने में मुश्किल होता है और यह आपके डाइजेस्टिव सिस्टम को भी कमजोर बना सकता है। जो लोग पहले से ही पेट की समस्याओं से जूझ रहे हैं, उन्हें तो कच्चे अंडे से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।एक और ज़रूरी बात ये है कि कच्चे अंडे से आपको वो पोषण भी नहीं मिल पाता जो पकाकर खाने पर मिलता है। वैज्ञानिक शोधों से यह साबित हो चुका है कि पके अंडे का प्रोटीन शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित होता है, जबकि कच्चा अंडा शरीर में अच्छे से डाइजेस्ट नहीं होता, जिससे प्रोटीन का नुकसान हो जाता है।
फिर सवाल उठता है, अंडा क्यों और कैसे खाएं?
अंडा अपने पोषण से भरपूर तत्वों के कारण शरीर के लिए अमूल्य है। इसमें विटामिन बी12, विटामिन डी, विटामिन ए, विटामिन बी5, सेलेनियम, जिंक, फास्फोरस और ओमेगा-3 फैटी एसिड की भरपूर मात्रा होती है। अंडा ना सिर्फ दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि दिमागी कार्यक्षमता, आंखों की रोशनी, हड्डियों की मज़बूती और मसल्स बिल्डिंग में भी इसकी भूमिका अहम है।आपको अंडा जरूर खाना चाहिए लेकिन उबालकर या अच्छी तरह पकाकर। यह न केवल सुरक्षित है बल्कि इससे शरीर को सारे पोषक तत्व भी भरपूर मिलते हैं। अगर आप भी अपनी फिटनेस के लिए कच्चे अंडे का सेवन कर रहे हैं, तो अब सतर्क हो जाएं। यह आदत सेहत पर भारी पड़ सकती है। सेहतमंद बनने के लिए जागरूकता और वैज्ञानिक समझ जरूरी है, न कि सिर्फ ट्रेंड्स को फॉलो करना। कच्चे अंडे की जगह उबला हुआ या अच्छी तरह से पका अंडा खाना ही सबसे बेहतर विकल्प है।