Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
देहरादून बना सुरक्षा किला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले ड्रोन उड़ाने पर रोक, चप्पे-चप्पे पर तैनात फोर्स - The Indian Exposure

देहरादून बना सुरक्षा किला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले ड्रोन उड़ाने पर रोक, चप्पे-चप्पे पर तैनात फोर्स

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दिया गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन, देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग दी गई, जिसमें विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड अनिवार्य

एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने पुलिस लाइन में आयोजित सुरक्षा ब्रीफिंग में साफ निर्देश दिए कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने साथ पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से रखें। किसी भी परिस्थिति में ड्यूटी स्थल बिना अनुमति न छोड़ा जाए। कार्यक्रम स्थल पर आम जन की जांच और प्रवेश प्रक्रिया को सुरक्षा उपकरणों की सहायता से सुनिश्चित किया जाएगा।

ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक

एडीजी अभिसूचना एपी अंशुमान ने ड्यूटी में तैनात बल को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और न ही अनाधिकृत रूप से किसी अन्य स्थान पर एकत्र हों। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी सादे और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्यों की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए।

ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध

पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने वीवीआईपी रूट प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम से पूर्व वीवीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल का भली-भांति निरीक्षण कर लिया जाए। विशेषकर यह सुनिश्चित किया जाए कि रास्ते में कोई भी निर्माण सामग्री, मलबा या बाधा न हो। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन संचालन पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। यह निर्देश सुरक्षा व्यवस्था के तहत जारी किया गया है और उल्लंघन की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धर्मशालाओं, होटलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा की दृष्टि से जौलीग्रांट एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्र, धर्मशालाएं, होटल, रेलवे स्टेशन, और बस स्टैंड जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर गहन तलाशी अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बीडीएस और डॉग स्क्वॉड की सहायता से जांच की जाएगी।

वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात बल की विस्तृत तैनाती:

  • पुलिस अधीक्षक: 10
  • अपर पुलिस अधीक्षक: 13
  • क्षेत्राधिकारी: 37
  • निरीक्षक व थानाध्यक्ष: 23
  • उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक: 109
  • महिला उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक: 14
  • मुख्य आरक्षी: 194
  • आरक्षी: 386
  • महिला आरक्षी: 95
  • पीएसी बल: दो कंपनी, एक प्लाटून और ढाई सेक्शन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बना दी गई है। प्रत्येक स्तर पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। ड्रोन संचालन पर पूर्ण रोक, पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी, और हर स्तर पर सतर्कता यह साबित करती है कि प्रदेश सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस संवेदनशील दौरे को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481