Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
Jammu: कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद जम्मू में आजाद का शक्ति प्रदर्शन आज, - The Indian Exposure

Jammu: कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद जम्मू में आजाद का शक्ति प्रदर्शन आज,

Ghulam

आल इंडिया कांग्रेस समिति में पचास वर्ष सेवाएं देने के बाद रविवार को जम्मू से पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद अपने नए राजनीतिक करियर की शुरुआत कर रहे हैं। यहां सैनिक फार्म, सैनिक कालोनी में एक जनसभा में आजाद का शक्ति प्रदर्शन अग्निपरीक्षा की तरह होगा।

इसमें लोगों की भीड़ जुटाकर क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को अपनी मजबूती का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। इस दौरान आजाद द्वारा नई राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टी की घोषणा करना संभव है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अपने गृह स्थल जम्मू में आजाद पहली बार किसी जनसभा में पहुंच रहे हैं।

जनसभा का सुबह 11 बजे शुरू होना प्रस्तावित है। इसी जगह पर पिछले साल कांग्रेस के जी-23 समूह की जनसभा हुई थी। सैनिक फार्म में जनसभा के लिए विशाल पंडाल स्थापित किया गया है। इसमें स्टेज पर 50 से 60 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इसी तरह पंडाल के नीचे पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जिसमें फार्म के भीतर और बाहर एक समय पर 15 से 20 हजार लोग आ सकते हैं। बारिश की सूरत में फार्म के भीतर इंडोर में कार्यक्रम किया जाएगा। जनसभा में आजाद को सुनने के लिए सुबह से ही आयोजन स्थल पर लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

भारी भीड़ के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जनसभा में प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व मंत्री, विधायक, एमएलसी, डीडीसी, बीडीसी सदस्यों सहित हजारों नेता और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। आजाद समर्थक पूर्व मंत्री जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि आजाद के जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।

जिसके बाद वह सैनिक फार्म में आएंगे। यहां वह अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। इस बीच शनिवार को सैनिक फार्म में दिनभर पूर्व मंत्री, विधायक, एमएलसी सहित अन्य नेता जनसभा की तैयारियों में जुटे रहे। इस जनसभा पर अन्य राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं।

पूर्व मंत्री जीएम सरूरी ने कहा कि आजाद के समर्थन में पूर्व उपमुख्यमंत्री, आठ पूर्व मंत्री, एक पूर्व सांसद, नौ पूर्व विधायक के अलावा बड़ी संख्या में पंचायती राज संस्था के सदस्य नगर निगम पार्षद और अन्य हजारों कार्यकर्ता आए हैं। सतवारी में आजाद के स्वागत के लिए कई विशाल होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481