Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
Bharat Jodo Yatra : राहुल की यात्रा को सफल बनाने के लिए यूपी में भी जुटेगी दिल्ली कांग्रेस - The Indian Exposure

Bharat Jodo Yatra : राहुल की यात्रा को सफल बनाने के लिए यूपी में भी जुटेगी दिल्ली कांग्रेस

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नौ दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार से शुरू होगी। इस दौरान प्रदेश इकाई को यात्रा सफल बनाने के लिए दिल्ली में ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में भी ताकत लगानी पड़ेगी। कांग्रेस आलाकमान ने उत्तर प्रदेश की सीमा में तीन किलोमीटर तक प्रदेश कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं को जाने के निर्देश दिए हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को रिंग रोड स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर से शुरू होगी और दिल्ली में करीब 10 मीटर का रास्ता तय करने के बाद लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। वहां तीन किलोमीटर चलने के बाद विश्राम होगा। कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश इकाई को दिल्ली के 10 किलोमीटर रास्ते के साथ-साथ उत्तर प्रदेश स्थित विश्राम स्थल तक भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी है। इसके मद्देनजर प्रदेश इकाई ने यात्रा को भीड़ के मामले में सफल बनाने के लिए 24 दिसंबर की अपेक्षा अलग रणनीति बनाई है।

प्रदेश कांग्रेस ने इस बार यात्रा के मार्ग को सात के बजाय तीन हिस्सों में बांटा है। पूर्वी दिल्ली क्षेत्र के दोनों संसदीय क्षेत्रों के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को यात्रा शुरू होने वाले स्थान पर नहीं बुलाया है, बल्कि उनको पूर्वी दिल्ली में यात्रा के मार्ग पर भीड़ जुटाने और यात्रा के साथ चलने के निर्देश दिए है। पूर्वी दिल्ली इलाके के करीब नौ किलोमीटर मार्ग को उनके बीच दो हिस्सों में बांटा गया है, जबकि यात्रा का तीसरा हिस्सा हनुमान मंदिर से लोहे के पुल तक होगा। नई दिल्ली, चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण दिल्ली संसदीय क्षेत्र के नेताओं व कार्यकर्ताओं को यात्रा आरंभ होने वाले स्थल पर बुलाया है और वह उत्तर प्रदेश स्थित विश्राम स्थल तक यात्रा के साथ चलेंगे।

यात्रा शुरू करने से पहले हनुमान मंदिर में पूजा करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले रिंग रोड स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। वह यहां पर यात्रा शुरू करने के दौरान भाषण नहीं देंगे। राहुल गांधी ने 24 दिसंबर को आश्रम में दोपहर के विश्राम के दौरान जयराम आश्रम में राम दरबार में पूजा की थी।

कल से फिर शुरू होगी यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार सुबह दिल्ली से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी। इसकी तैयारी में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जुटे हैं। कंटेनर में रजाई, गद्दे सहित सभी जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं। रविवार को 60 से अधिक कंटेनरों को रामलीला मैदान पहुंचाया गया। आगे की यात्रा के दौरान उत्तर भारत के राज्यों में यात्रियों को दिक्कत न हो, इसलिए रखरखाव और मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है।

दूसरे प्रदेशों और शहरों से भारत यात्रियों के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि यात्रियों की संख्या बढ़कर 230 से अधिक होगी। यात्रा के रूट पर हर तरफ पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यात्रा में और अधिक भीड़ होगी। इसके लिए जगह-जगह तैयारी की जा रही है। यात्रा की राह में रुकावट न आए, इसके लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। दिल्ली में करीब 10 किलोमीटर के दायरे से भारत जोड़ो यात्रा गुजरेगी। इसके लिए जगह जगह मंच बनाए जा रहे हैं। रास्ते में यात्रा के स्वागत की भी हर तरफ तैयारियां चल रही हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब के बाद यात्रा जम्मू कश्मीर पहुंचेगी।

दंगा पीड़ितों को जोड़ेगी यात्रा
राहुल गांधी की यात्रा सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, मौजपुर और गोकलपुरी से गुजरेगी। वर्ष 2020 में इन क्षेत्रों में दंगा हुआ था। माना जा रहा है कि लोनी बॉर्डर पहुंचने से पहले राहुल यात्रा से जुड़ने वाले स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दंगा पीड़ित दर्द भी बयां कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481