
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति में “परफॉर्मेंस ऑफ पॉलिटिक्स” की एक नई संस्कृति को जन्म दिया है। अब राजनीति केवल नारेबाजी या वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिणाम देने की संस्कृति बन चुकी है। सरकार अब रिफॉर्म (सुधार), परफॉर्म (प्रदर्शन) और ट्रांसफॉर्म (परिवर्तन) की भावना से काम कर रही है। जन सहभागिता अब शासन की आत्मा बन चुकी है।मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश का यह कालखंड इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में वैश्विक मंच पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है।सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प में उत्तराखंड भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार ने हर ग्राम, तहसील और शहर के समावेशी विकास के लिए 10 वर्षों का रोडमैप तैयार किया है, जिससे राज्य को आर्थिक, सामाजिक और भौगोलिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा, “2014 से पहले की राजनीति में यह सोचा जाता था कि यह काम होगा या नहीं, लेकिन आज सोच है—यह जरूर होगा, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है।”
भ्रष्टाचार से नवाचार की ओर
मुख्यमंत्री ने 2014 से पहले के भारत को याद करते हुए कहा कि तब भ्रष्टाचार, घोटाले और तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर थी। लेकिन मोदी सरकार के नेतृत्व में अब विकास, आविष्कार और नवाचार की बात होती है। योजनाएं अब ज़मीन पर उतर रही हैं और उनका लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना से लाखों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है, और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से सब्सिडी और सरकारी लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहे हैं।
आत्मनिर्भर भारत और ऑपरेशन सिंदूर
सीएम धामी ने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए इसे केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, साहस और प्रतिबद्धता की तस्वीर बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब “मेक इन इंडिया – पाकिस्तान में टेस्टेड, दुनिया में ट्रस्टेड” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। आतंकवाद के खिलाफ अब भारत की नीति सख्त और निर्णायक है।
गरीबी पर निर्णायक प्रहार
धामी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल “गरीबी हटाओ” के नारे तक सीमित रहीं, जबकि मोदी सरकार ने 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत का गरीब केवल जनगणना की गिनती नहीं है, बल्कि नीति निर्धारण का केंद्र बन चुका है।
बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक प्रगति
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के 99% गांव अब सड़कों से जुड़ चुके हैं, और प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर हाइवे का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई संपर्क का भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की वैश्विक रैंकिंग 2014 में 142 से सुधरकर आज 63 पर पहुंच चुकी है, जो निवेशकों के लिए भारत को आकर्षक बनाता है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट पर अपडेट
सीएम ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर कार्य तीव्र गति से चल रहा है और अक्टूबर 2026 तक इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में परिवर्तनकारी योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। सीएम धामी ने पीएम मोदी के 11 वर्षों के शासन को एक “जन-आधारित, परिणाम-प्रधान और सेवा-उन्मुख शासन प्रणाली” बताया और कहा कि यह एक ऐसी यात्रा है जिसमें 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम, त्याग और सपनों ने साथ दिया है। उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में तेजी से कदमताल मिलाकर आगे बढ़ रहा है।