पीएम मोदी के जन्मदिन पर 1008 मंदिरों में विशेष अनुष्ठान, गूंजेंगी वेद ऋचाएं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा और समर्पण का महापर्व मनाया जाएगा। इस पूरे पखवाड़े को भाजपा संगठन और राज्य सरकार ने सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेश नर-नारायण सेवा की भावना से ओतप्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार और भाजपा का प्रदेश संगठन इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर होगा। इसी दिन प्रदेशभर के 1008 मंदिरों में विशेष पूजाअर्चना, वेद ऋचाओं का पाठ और अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक आस्था से जुड़े इन आयोजनों के साथ-साथ सरकार ने समाज सेवा और जनकल्याण की कई योजनाओं को भी इससे जोड़ा है।

पखवाड़े के दौरान राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य करेगी। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग वितरण शिविर, बहुउद्देशीय शिविर और प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, वोकल फॉर लोकल अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से संबंधित पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।

विशेष रूप से गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर स्वदेशी खादी अपनाने का संकल्प अभियान चलाया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए खेलकूद प्रतियोगिता, “मोटापा भारत छोड़ोअभियान से संबंधित गतिविधियां, तथा स्कूलकॉलेजों में विकसित भारत के संकल्प विषय पर भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।

भाजपा संगठन ने भी इस सेवा पखवाड़े को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी की है। मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान, विचार गोष्ठियां, जागरूकता रैलियां, स्वास्थ्य कैंप, प्रदर्शनी और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि सेवा पखवाड़े के स्वरूप को अंतिम रूप केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार दिया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय महामंत्री राधामोहन अग्रवाल के साथ वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की मौजूदगी में सेवा पखवाड़े की रूपरेखा तय की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश और दुनिया के लिए प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों की तकलीफों को दूर करने का एक बड़ा अभियान है।

वर्तमान में मानसून के चलते राज्य में लगातार आपदाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सेवा पखवाड़े के तहत आपदा राहत अभियानों में सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। चौहान ने यह भी कहा कि संगठन ने प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम की कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया है, जिसे जल्द ही जिलों की बैठकों में साझा किया जाएगा।

इस प्रकार, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक यह पखवाड़ा प्रदेश में भक्ति, सेवा और जनकल्याण की धारा प्रवाहित करेगा और इसे समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने की कोशिश होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471